
बागेश्वर। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस जनपद बागेश्वर में हर्ष, गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह नुमाइशखेत मैदान में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने ध्वजारोहण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संविधान हमें मौलिक अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का बोध भी कराता है। उन्होंने सत्य, निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनपद, प्रदेश और देश के सर्वांगीण विकास में योगदान देने का आह्वान किया, ताकि आने वाली पीढ़ियों को बेहतर भविष्य मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। समारोह में जिलाधिकारी, विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष द्वारा संयुक्त रूप से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों नंदी देवी, भगवती देवी, पार्वती देवी एवं बसंत बल्लभ पांडे को सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, दिलीप सिंह खेतवाल, जयंत सिंह भाकुनी, पूरन सिंह बिष्ट, नैना तिवारी लोहुमी, रेखा गोस्वामी, घनश्याम पांडे, पंकज कुमार कांडपाल, नरेन्द्र सिंह बघरी, मनोज टंगड़िया, प्रकाश बिष्ट, महेन्द्र सिंह परिहार, नसीम मोहम्मद, विनोद सिंह, विनोद सिंह जीना, दया टाकुली, दीपक मेहता, दीपक सिंह, अनिता घटियाल, भागुली रावत, राजेन्द्र सिंह कोरंगा, नीरज उपाध्याय, शीला देवी, महेश चंद्र पंत, मिलिंद बिष्ट, हीरा राम आर्या, भगवती जोशी, दीपक पांडे एवं यमुना धर्मसत्तू सहित अन्य शामिल रहे।
समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, विधायक पार्वती दास, पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के, मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और आमजन उपस्थित रहे।





