जीआईसी भटखोला प्रधानाचार्य हत्याकांड: आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। जीआईसी भटखोला के प्रधानाचार्य हत्याकांड में बागेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रशासनिक अधिकारी को हत्या में प्रयुक्त चाकू (आला कत्ल) सहित गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार अल्मोड़ा भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, थाना झिरौली क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में 18 जुलाई 2026 को प्रधानाचार्य की उनके ही कॉलेज में तैनात प्रशासनिक अधिकारी द्वारा कथित रूप से हत्या कर दी गई थी। मामले में मिली तहरीर के आधार पर थाना झिरौली में एफआईआर संख्या 10/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  भटखोला जीआईसी के प्रभारी प्रधानाचार्य की चाकू मारकर निर्मम हत्या, आरोपी प्रशासनिक अधिकारी गिरफ्तार

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बागेश्वर के निर्देश पर विवेचना पुलिस उपाधीक्षक कपकोट मनीष शर्मा को सौंपी गई। साथ ही फॉरेंसिक टीम अल्मोड़ा को बुलाकर घटनास्थल से वैज्ञानिक और डिजिटल साक्ष्य एकत्र किए गए।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी प्रशासनिक अधिकारी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया। पूछताछ और मेडिकल परीक्षण के बाद आरोपी को बागेश्वर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार अल्मोड़ा भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें 👉  प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व, जौलकांडे में हुआ व्यापक पौधरोपण

पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ADVERTISEMENTS Ad