
ट्रैकिंग के दौरान रास्ता भटक कर पहाड़ी से गिरा था यूक्रेनी नागरिक, अस्पताल से छुट्टी मिलते ही खुली पोल, नहीं दिखा पाया पासपोर्ट-वीजा
बागेश्वर। जनपद के कपकोट क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. ट्रैकिंग के दौरान रास्ता भटकने के बाद पहाड़ी से गिरकर घायल हुआ एक विदेशी पर्यटक असल में अवैध रूप से जिले में घूम रहा घुसपैठिया निकला. अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस ने जब उससे वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका. पुलिस ने आरोपी विदेशी नागरिक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है
पहाड़ी से घायल अवस्था में मिला था विदेशी नागरिक मिली जानकारी के अनुसार, कपकोट तहसील के अंतर्गत सुदूरवर्ती डौला गांव में स्थानीय लोगों को एक विदेशी नागरिक घायल अवस्था में मिला था. सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल पर्यटक को रेस्क्यू किया और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. पूछताछ में उसकी पहचान यूक्रेन निवासी मेक्सिम स्टार चिंको के रूप में हुई. उसने बताया कि वह क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए आया था, लेकिन रास्ता भटकने के कारण पहाड़ी से नीचे गिर गया और चोटिल हो गया.
पासपोर्ट-वीजा गायब, एलआईयू को भी नहीं दी थी सूचना अस्पताल में उपचार के बाद जब डॉक्टरों ने उसे छुट्टी दी, तो पुलिस ने उससे भारत में रहने से जुड़े वैध दस्तावेज दिखाने को कहा. जब पुलिस ने उससे पासपोर्ट और वीजा मांगा, तो यूक्रेनी नागरिक के होश उड़ गए और वह कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सका. हैरान करने वाली बात यह है कि स्थानीय अभिसूचना इकाई (एल.आई.यू.) के पास भी इस विदेशी नागरिक के संबंध में कोई ‘फॉर्म-सी’ जमा नहीं कराया गया था, जो किसी भी विदेशी नागरिक के जिले में आगमन पर अनिवार्य होता है. यानी खुफिया विभाग को भी भनक लगे बिना वह संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में घूम रहा था.
अवैध रूप से रहने के आरोप में मुकदमा दर्ज वैध दस्तावेज न होने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मेक्सिम स्टार चिंको को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने विदेशी नागरिक के विरुद्ध अप्रवास और विदेशी विषयक अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आरोपी को आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है. एल.आई.यू. और पुलिस टीम अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वह जिले में कब से रह रहा था और उसके यहां आने का मुख्य मकसद क्या था.





