
भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की हल्द्वानी टीम ने गुरुवार को एक और बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने उधम सिंह नगर जनपद के किच्छा में तैनात ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक को 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
पेड़ काटने की अनुमति के बदले मांगी थी घूस मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अधिकारी बादल पाण्डे, पुत्र बची राम पाण्डे (निवासी शक्ति विहार, तल्ली हल्द्वानी), किच्छा स्थित उद्यान सचल दल केंद्र में ज्येष्ठ उद्यान निरीक्षक के पद पर तैनात हैं। एक शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को सूचना दी थी कि आम के 16 पेड़ों को काटने की अनुमति देने के एवज में अधिकारी द्वारा 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
विजिलेंस ने बिछाया जाल शिकायत की पुष्टि होने के बाद सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने जाल बिछाया। गुरुवार को जैसे ही शिकायतकर्ता ने किच्छा स्थित कार्यालय में आरोपी अधिकारी को रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया। टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत के पैसे बरामद कर उसे हिरासत में ले लिया है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी विजिलेंस की इस कार्रवाई से उद्यान विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। विजिलेंस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।





