मुख्यमंत्री घोषणाओं में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, जून 10 तक पूरा हो क्रिटिकल केयर यूनिट निर्माण

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा बैठक लेते हुए डीएम आकांक्षा कोंडे ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े कार्य गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा के भीतर पूरे करने को कहा। उन्होंने कहा कि जिन मामलों में शासन या निदेशालय स्तर पर कार्रवाई अपेक्षित है, वहां संबंधित अधिकारी लगातार प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करें।

बैठक में जिलाधिकारी ने भूमि संबंधी मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए अपर जिलाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही जिन विभागों में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अनुरूप विभागीय परिवर्तन किया जाना है, उन्हें समयबद्ध तरीके से प्रस्ताव तैयार कर अग्रसारित करने को कहा।

यह भी पढ़ें 👉  प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व, जौलकांडे में हुआ व्यापक पौधरोपण

डीएम ने जिला अस्पताल में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट के कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कार्यदायी संस्था को 10 जून तक निर्माण कार्य पूरा करने को कहा। इसके अलावा संस्कृति विभाग को सरमूल को पर्यटन धाम के रूप में विकसित किए जाने संबंधी मुख्यमंत्री घोषणा को वन विभाग को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए।

मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदर्श प्राथमिक विद्यालय कपकोट को जूनियर हाईस्कूल में उच्चीकृत किए जाने संबंधी घोषणा पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। वहीं बागेश्वर में प्रस्तावित टनल बाईपास निर्माण से जुड़ी मुख्यमंत्री घोषणा, जो केंद्र सरकार स्तर से संबंधित है, उसे विलोपित करने की कार्रवाई के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  नाबालिग से दरिंदगी का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार, पुलिस का 'आपरेशन प्रहार' जारी

बैठक में जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी दिनेश रावत ने बताया कि जनपद में कुल 103 मुख्यमंत्री घोषणाएं हैं। इनमें से 36 घोषणाएं पूर्ण हो चुकी हैं, 22 में शासनादेश जारी हो चुके हैं, जबकि 43 मामले शासन स्तर और 2 प्रकरण विभागीय स्तर पर विभिन्न चरणों में लंबित हैं।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर सी तिवारी, अपर जिलाधिकारी एन एस नबियाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS Ad