
गाड़ी खड़ी कर स्कूल के लिए पैदल जा रहे थे प्रधानाचार्य, रास्ते में घात लगाकर बैठे प्रशासनिक अधिकारी ने किया ताबड़तोड़ हमला
बागेश्वर। जनपद के राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्कूल जा रहे प्रभारी प्रधानाचार्य की धारदार हथियार से हमला कर नृशंस हत्या कर दी गई है। इस सनसनीखेज हत्याकांड से पूरे शिक्षा महकमे और क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (56 वर्ष), निवासी सैंज, शनिवार सुबह रोजाना की तरह अपनी ड्यूटी पर स्कूल जा रहे थे। वह मुख्य सड़क तक अपनी गाड़ी से पहुंचे और गाड़ी खड़ी करने के बाद वहां से पैदल स्कूल की तरफ बढ़ रहे थे। इसी दौरान रास्ते में पहले से ही घात लगाकर बैठे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने उन पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम, सीओ बोले- आरोपी की तलाश जारी
हमले के बाद प्रधानाचार्य लहूलुहान होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े। वारदात के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन में परिजन और स्थानीय लोग उन्हें अत्यंत गंभीर हालत में जिला अस्पताल बागेश्वर लेकर आए, जहां चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रधानाचार्य की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिला अस्पताल की सूचना पर कोतवाली पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए सीओ मनीष शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। इस नृशंस हत्याकांड की गहनता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।





