दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, भाजपा मंडल अध्यक्ष समेत दो गंभीर

ख़बर शेयर करें -

हादसा: तेज रफ्तार बनी काल, बिना हेलमेट थे दोनों बाइक सवार, एक घायल हायर सेंटर रेफर

सरोवर नगरी के मल्लीताल क्षेत्र में गुरुवार सुबह तेज रफ्तार के कारण दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत हो गई। इस हादसे में भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ से एक की नाजुक हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

मोड़ काटते समय हुई टक्कर जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब सवा नौ बजे बीडी पांडे अस्पताल–मोहनको रोड पर हुआ। भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की अपनी बाइक से नीचे से ऊपर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने कुर्मांचल बैंक की ओर मुड़ने का प्रयास किया, तभी सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

यह भी पढ़ें 👉  डाकघर गबन मामला: सिमगढ़ी के तत्कालीन डाकपाल को कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा, जेल के साथ लगा भारी अर्थदंड

हेलमेट न होने से बढ़ी चोट टक्कर इतनी भीषण थी कि नितिन कार्की सड़क पर चेहरे के बल गिरे, जिससे उनके चेहरे और नाक पर गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार स्टाफ हाउस निवासी प्रियांशु सड़क किनारे खड़ी कार से टकराकर दूर जा गिरा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिस कारण उन्हें सिर और चेहरे पर गहरी चोटें लगी हैं। अस्पताल के चिकित्सक डॉ. प्रशांत ओली ने बताया कि नितिन कार्की को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है, जबकि प्रियांशु को सिर की गंभीर चोट के कारण प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

यह भी पढ़ें 👉  हंगामा करने पर पुलिस का 'प्रहार', बागेश्वर में शांति भंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल हादसे के बाद स्थानीय लोगों में पुलिस के खिलाफ गहरा रोष है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में वन-वे मार्ग पर गलत दिशा से चलने वाले वाहन, सड़क किनारे खड़े अतिक्रमण और बेलगाम रफ्तार आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस द्वारा प्रभावी चेकिंग या कार्रवाई नहीं की जा रही है। मामले में कोतवाल हेम पंत ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ADVERTISEMENTS Ad