होली पर्व में अवैध शराब पर बड़ी कार्रवाई: 248 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद, एक गिरफ्तार

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। होली पर्व के मद्देनज़र अवैध शराब की तस्करी और भंडारण के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र मेहरा (IPS) के निर्देश पर की गई कार्रवाई में 248 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
थाना कपकोट क्षेत्र में उपनिरीक्षक जीवन सिंह सामन्त के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा वाहन संख्या UK02CA-0770 (टाटा 407) को चेकिंग के दौरान रोका गया। जांच में पाया गया कि चालक द्वारा आबकारी विभाग के वैध पास का दुरुपयोग कर शराब की खेप को खुर्द-बुर्द किया जा रहा था। तलाशी लेने पर वाहन से 248 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

पुलिस ने वाहन चालक मोहन सिंह (48 वर्ष) पुत्र गोविन्द सिंह निवासी मल्ला बिलोना, को भराड़ी के पास से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, सह-अभियुक्त हिमांशु दफौटी पुत्र सुरेश दफौटी निवासी बिलोना पुलिस टीम को देखकर मौके से फरार हो गया।

यह भी पढ़ें 👉  प्रभारी मंत्री राम सिंह कैड़ा की उपस्थिति में धूमधाम से मनाया गया हरेला पर्व, जौलकांडे में हुआ व्यापक पौधरोपण

दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना कपकोट में धारा 60/72 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर दिया है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

यह भी पढ़ें 👉  डाकघर गबन मामला: सिमगढ़ी के तत्कालीन डाकपाल को कोर्ट ने सुनाई कड़ी सजा, जेल के साथ लगा भारी अर्थदंड

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान अवैध शराब की तस्करी पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

ADVERTISEMENTS Ad