
बागेश्वर। बागेश्वर जिले के भैरूचौबट्टा निवासी आकाश गोस्वामी ने जिले का नाम रोशन किया है। कठिन प्रशिक्षण और लगन के बूते उन्होंने सेना में अधिकारी का पद हासिल किया है और अब वह लेफ्टिनेंट बन गए हैं। उनके सेना में अधिकारी बनने की खबर मिलते ही उनके पैतृक गांव भैरूचौबट्टा में खुशी की लहर दौड़ गई है।
माता-पिता ने लगाए स्टार
शनिवार को आयोजित पासिंग आउट परेड में आकाश गोस्वामी को लेफ्टिनेंट की रैंक से नवाजा गया। इस दौरान उनके माता-पिता ने गौरवपूर्ण क्षण में उनके कंधे पर स्टार लगाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
आकाश की सफलता में उनकी मजबूत शैक्षणिक नींव का बड़ा योगदान रहा है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बिरला स्कूल हल्द्वानी और प्रतिष्ठित सैनिक स्कूल घोड़ाखाल से हुई। इसके बाद उन्होंने आईएमए खड़कवासला से एनडीए (नेशनल डिफेंस एकेडमी) की पढ़ाई पूरी की। अधिकारी बनने से पहले, उन्होंने आईएमए देहरादून से एक साल का गहन सैन्य प्रशिक्षण भी लिया।
गोरखा रेजिमेंट में हुई प्लेसमेंट
सफल पासिंग आउट परेड के बाद लेफ्टिनेंट आकाश गोस्वामी की प्लेसमेंट प्रतिष्ठित गोरखा रेजिमेंट में हुई है।
- नाम: आकाश गोस्वामी
- निवासी: भैरूचौबट्टा, बागेश्वर
- प्रारंभिक शिक्षा: बिरला स्कूल हल्द्वानी, सैनिक स्कूल घोड़ाखाल
- अंतिम प्रशिक्षण: आईएमए देहरादून
- प्लेसमेंट: गोरखा रेजिमेंट (लेफ्टिनेंट)
एसपी ने दी बधाई, गांव में मिष्ठान वितरण
आकाश के पिता पुष्कर नाथ गोस्वामी कौसानी कोतवाली में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं, जबकि उनकी माता अंजू देवी गृहिणी हैं।
बेटे की इस बड़ी सफलता पर जहां पूरे परिवार में हर्षोल्लास का माहौल है, वहीं बागेश्वर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) चंद्रशेखर आर घोडके ने भी आकाश गोस्वामी को बधाई दी है। इस गौरवशाली उपलब्धि पर भैरूचौबट्टा गांव में परिजनों और ग्रामीणों ने मिष्ठान वितरण कर खुशियां साझा की। आकाश ने क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का एक नया अध्याय लिख दिया है।





