
जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों का भारी आक्रोश, लगाया जाम; प्रशासनिक लापरवाही और अव्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
बागेश्वर। जनपद के थाना झिरौली क्षेत्रान्तर्गत राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) भटखोला में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई. कॉलेज के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी ने प्रभारी प्रधानाचार्य पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. झिरौली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को आलाकत्ल (चाकू) के साथ गिरफ्तार कर लिया है.
सुबह स्कूल के पास दिया वारदात को अंजाम
शनिवार सुबह करीब 07:00 बजे जीआईसी भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानन्द टम्टा (पुत्र गिरधारी लाल, निवासी ग्राम भाटगाड़) रोजाना की तरह अपने घर सैंज से नाश्ता कर स्कूल के लिए निकले थे. स्कूल के समीप ही कॉलेज के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नवल किशोर सोराड़ी (उम्र 44 वर्ष, निवासी ग्राम पाटी, चम्पावत) ने उन पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया. दयानन्द टम्टा को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल बागेश्वर लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मृतक के भाई गोकुल चन्द्र की तहरीर पर थाना झिरौली में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे करालागांव यात्री शेड के पास से दबोच लिया गया.





