दिग्गजों के जमावड़े से रोचक हुआ बागेश्वर का रण, सीएम धामी संभालेंगे भाजपा के चुनाव प्रचार का आखिरी चरण

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। पूर्व कैबिनेट मंत्री चंदन नाम दास के निधन से रिक्त हुई बागेश्वर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव मैं आखिरी दो दिन का प्रचार बचा है। उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा की ओर से कद्दावर नेता, मंत्री, पूर्व मंत्रियों के प्रचार में शामिल होने से चुनाव काफी रोचक हो चला है। एक और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के प्रचार में शामिल होने से जहां कांग्रेसी गदगद है, तो वहीं कैबिनेट मंत्रियों के बाद अब भाजपा के आखिरी चरण का प्रचार मुख्यमंत्री सीएम धामी खुद संभालने जा रहे हैं। धामी के दो दिवसीय दौरे को लेकर भाजपाइयों में उत्साह दोगुना हो गया है।
उत्तराखंड राज्य बनने के बाद बागेश्वर हुए विधानसभा चुनाव में अब तक भाजपा का पलड़ा भारी रहा है। चार बार भाजपा के स्व. चंदन राम दास यहां से विधायक रहे हैं, जबकि एक बार कांग्रेस के स्व. राम प्रसाद टम्टा जीते। दिवंगत मंत्री दास के निधन से रिक्त हुई सीट पर पांच सितंबर को होने वाले चुनाव के लिए भाजपा की पार्वती दास और कांग्रेस के बसंत कुमार में सीधा मुकाबला है। पिछले विधानसभा चुनाव को देखा जाए तो भाजपा को गरुड़ क्षेत्र से हमेशा लाभ मिला है, जबकि कांग्रेस नगर में भारी रही है। इस बार भाजपा ने नगर को मजबूत करने के लिए काफी मशक्कत की है। नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रेखा खेतवाल के भाजपा का दामन थामने के बाद हालात बदले नजर आ रहे हैं। कांग्रेस पार्टी में अनुसूचित जाति का बड़ा चेहरा रहीं सुनीता टम्टा भी अब भाजपा की नेत्री हैं। चुनाव प्रचार में भी भाजपा ने कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है। आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा लगातार बागेश्वर में डेरा जमाए हुए हैं। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या, सतपाल महाराज, धन सिंह रावत, गणेश जोशी समेत अनेक दिग्गजों ने प्रचार में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह, विधायक मनोज तिवारी, ममता राकेश समेत कई बड़े नेता प्रचार कर रहे हैं।
अब मात्र दो दिन का प्रचार होना है। भाजपा की ओर से अंतिम चरण के इस प्रचार की जिम्मेदारी संभालने के लिए सीएम धामी के बागेश्वर पहुंचने से भाजपा का जोश हाई है। सीएम धामी आज गरुड़ में रोड शो करने के बाद बागेश्वर में सभा और रोड शो करने वाले हैं। प्रचार के अंतिम दिन सीएम धामी काफलीगैर में जनसभा करेंगे। अंतिम दो दिन में कांग्रेस के दिग्गज भी प्रचार में पूरा जोर लगाने के लिए तैयार हैं।