जनता दरबार से नदारद अफसरों पर डीएम का सख्त रुख, कारण बताओ नोटिस के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे की अध्यक्षता में सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज, कांडा में आयोजित जनता दरबार में अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। जनता दरबार में बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

जनता दरबार में कुल 63 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। विद्युत, पेयजल, सड़क, आपदा प्रबंधन, गैस-ईंधन, स्वास्थ्य, सिंचाई, वन एवं जंगली जानवरों से संबंधित शिकायतें प्रमुख रहीं। विद्युत विभाग से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी विशेष रूप से असंतुष्ट दिखाई दीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा के भीतर किया जाए। साथ ही स्पष्ट किया कि अधूरे या त्रुटिपूर्ण प्राक्कलन एवं कार्य किसी भी दशा में स्वीकार नहीं किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदारों और विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को फील्ड में अलर्ट मोड पर रहते हुए जनता को किसी भी प्रकार की परेशानी न होने देने के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक भी ली। उन्होंने सभी विभागों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, प्रकरण लंबित न रखने और सेवाओं की पहुंच अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान मौसम कार्यों के लिए अनुकूल है, इसलिए सभी अधिकारी पूरी निष्ठा और परिश्रम के साथ कार्य करें, नियमित क्षेत्र भ्रमण करें और सक्रिय रहें। जनता दरबार में एडीएम एनएस नबियाल, उपजिलाधिकारी ललित मोहन तिवारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार' के तहत कपकोट पुलिस की कार्रवाई, लावारिस अल्टो कार से 144 पव्वे अवैध शराब बरामद
Ad