
बागेश्वर। जिला प्रशासन ने सुरक्षा मानकों और वर्तमान स्थिति को देखते हुए ईंधन वितरण को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने स्पष्ट किया है कि जनपद के किसी भी पेट्रोल पंप पर अब बोतल, कैन या अन्य किसी भी खुले कंटेनर में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध नहीं कराया जाएगा। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों को इन निर्देशों का कड़ाई से पालन करने और पंप परिसर में सीसीटीवी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा है।
घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य, अफवाहों पर न दें ध्यान डीएम ने शासन के निर्देशों के क्रम में कमर्शियल गैस सिलेंडरों के उपयोग पर भी अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में घरेलू एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। नागरिकों को घबराने या पैनिक बुकिंग करने की आवश्यकता नहीं है। जिलाधिकारी ने होटल एसोसिएशन, पेट्रोल पंप संचालकों और गैस एजेंसियों के साथ बैठक कर व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में सहयोग की अपेक्षा की है।
जमाखोरी और कालाबाजारी पर रहेगी पैनी नजर गैस और ईंधन की आपूर्ति की निगरानी के लिए तहसील स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीमें (QRT) गठित की गई हैं। जिला पूर्ति अधिकारी बल्लभ पांडेय ने बताया कि डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है, लेकिन सुरक्षा कारणों से खुले पात्रों में ईंधन देना प्रतिबंधित रहेगा। एडीएम एन. एस. नबियाल ने चेतावनी दी है कि यदि कहीं भी घरेलू गैस का व्यावसायिक उपयोग पाया गया, तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी लिंक और अफवाहों से रहें सतर्क पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा ने नागरिकों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाले फर्जी गैस बुकिंग लिंक और नंबरों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने और ईंधन के वैकल्पिक साधनों जैसे इंडक्शन या बिजली के उपयोग को बढ़ावा देने का सुझाव दिया है।





