सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों का चिह्ननीकरण करने को कहा

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों के चिन्हीकरण, सड़कों को गड्ढा मुक्त करने तथा प्रवर्तन कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े विभागों को शीघ्रातिशीघ्र सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए। बैठक में संभागीय परिवहन अधिकारी के विलंब से पहुंचने पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी व्यक्त की।
बुधवार को हुई बैठक में डीएम भटगांई ने बैजनाथ–ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग की खराब स्थिति को देखते हुए 66 आरसीसी के अधिकारियों को तत्काल सड़क दुरुस्त करने के निर्देश दिए। क्रैश बैरियर लगाने के कार्य में गुणवत्ता को लेकर आ रही शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी की देखरेख में उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में आरटीओ, पुलिस एवं पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की एक समिति गठित करने के निर्देश दिए, जो निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच करेगी।

बैठक में लोनिवि के अधिशासी अभियंता अमित पटेल ने बताया कि जनपद में वर्तमान में कोई ब्लैक स्पॉट चिन्हित नहीं है। परिवहन विभाग द्वारा अगस्त माह तक ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग एवं अन्य उल्लंघनों में 236 चालान किए गए। चार लाइसेंस निरस्त किए गए हैं। जनपद में वर्तमान में 21 एम्बुलेंस उपलब्ध हैं। परिवहन विभाग और पुलिस विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। बैठक में अपर जिलाधिकारी नारायण सिंह नबियाल, लोनिवि के ईई संजय पांडेय आदि मौजूद रहे।

ADVERTISEMENTS
यह भी पढ़ें 👉  सरयू नदी के तेज बहाव में बहा युवक: कपकोट पुलिस, एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से बचाई जान
Ad