
राजनीति की मजबूत और प्रभावशाली शख्सियत, पूर्व प्रधानमंत्री एवं बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष बेगम खालिदा जिया का रविवार सुबह निधन हो गया। वे 80 वर्ष की थीं। खालिदा जिया ने ढाका के एवरकेयर अस्पताल में सुबह करीब 6 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि बीएनपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से की है।
पार्टी की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि खालिदा जिया लंबे समय से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। वे पिछले 36 दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं। उन्हें 23 नवंबर को दिल और फेफड़ों में संक्रमण के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके अलावा वे निमोनिया से भी पीड़ित थीं।
बीएनपी नेताओं के अनुसार, खालिदा जिया को पहले से ही जिगर, किडनी, मधुमेह, गठिया और आंखों से जुड़ी बीमारियों सहित कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं। इलाज के सिलसिले में वे इस वर्ष 6 मई को लंदन से भारत आई थीं, जहां उन्होंने करीब चार महीने तक उन्नत चिकित्सा उपचार लिया। इसके बाद वे बांग्लादेश लौटी थीं।
खालिदा जिया बांग्लादेश की राजनीति में दशकों तक एक केंद्रीय भूमिका में रहीं। वे दो बार देश की प्रधानमंत्री बनीं और उनकी गिनती बांग्लादेश की सबसे प्रभावशाली महिला नेताओं में होती है। उनके निधन से देश की राजनीति में एक बड़ा शून्य पैदा हो गया है।
खालिदा जिया के निधन की खबर फैलते ही देशभर में शोक की लहर दौड़ गई। बीएनपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ-साथ राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। पार्टी ने कहा है कि उनके अंतिम संस्कार और श्रद्धांजलि कार्यक्रमों की जानकारी जल्द जारी की जाएगी।





