
गरुड़ (बागेश्वर)। डेयरी विकास विभाग ने गरुड़ क्षेत्र के निवासियों के लिए एक बड़ी सौगात दी है। शुक्रवार को ‘आंचल सचल मिल्क एटीएम’ दुग्ध वाहन का भव्य शुभारंभ किया गया, जो अब घर-घर जाकर लोगों को शुद्ध पाश्चिराइज्ड दूध और अन्य डेयरी उत्पाद उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही गरुड़ के टीट बाजार में नए ‘आंचल मिल्क पार्लर’ की भी शुरुआत हो गई है।
डोर-टू-डोर मिलेगी सप्लाई योजना का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या और ब्लॉक प्रमुख किशन सिंह बोरा ने संयुक्त रूप से किया। इस सचल वाहन के जरिए अब ग्रामीणों और नगरवासियों को आंचल ब्रांड के उत्पाद जैसे दूध, दही, पनीर और घी के लिए बाजार नहीं दौड़ना पड़ेगा। यह वाहन निर्धारित रूटों पर चलते हुए सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचेगा।
पूरी हुई लंबे समय की मांग गरुड़ क्षेत्र की जनता काफी समय से शुद्ध दुग्ध उत्पादों की सुलभ आपूर्ति की मांग कर रही थी। डेयरी विकास विभाग के सहायक निदेशक अनुराग मिश्र ने बताया कि विभाग की कार्यदायी संस्था अल्मोड़ा दुग्ध संघ के माध्यम से इस मांग को पूरा कर दिया गया है। टीट बाजार में खुले पार्लर से स्थानीय लोगों के साथ-साथ मुसाफिरों को भी बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद मिल सकेंगे।
मिलावट पर लगेगा अंकुश शुभारंभ के मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि इस डिजिटल मिल्क एटीएम सेवा से जहां लोगों का समय बचेगा, वहीं मिलावट रहित और ताजे उत्पाद मिलने से जनस्वास्थ्य में भी सुधार होगा। इस अवसर पर विभाग के कई अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। (संवाद)





