
बागेश्वर। गोगिनापानी क्षेत्र में ग्रामीण की मारपीट कर हत्या करने के मामले में बागेश्वर पुलिस ने त्वरित और बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के महज कुछ ही घंटों के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
जानिए क्या है पूरा मामला
बुधवार (22 जुलाई 2026) को फकीर राम (पुत्र गजराम, निवासी फिटालगांव) ने कोतवाली बागेश्वर में लिखित तहरीर सौंपी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि जीवन सिंह और पुष्कर सिंह ने उनके साले गोपाल राम (पुत्र स्व. काशी राम) के साथ बेरहमी से मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई।
तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर संख्या-51/2026, धारा 103(1) बीएनएस (BNS) और 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया।
फॉरेंसिक जांच और पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) बागेश्वर के निर्देशों पर तत्काल फॉरेंसिक यूनिट बागेश्वर ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम अल्मोड़ा से भी पत्राचार कर तकनीकी व वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए।
मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक (DSP) अजय साह के सुपुर्द की गई। एसपी के सख्त निर्देशों के बाद पुलिस टीमों ने आरोपियों की तलाश में ताबड़तोड़ दबिश देना शुरू कर दिया।
कच्ची सड़क से घेराबंदी कर दबोचे आरोपी
सघन चेकिंग और सुरागकसी के दौरान पुलिस टीम ने सफलता हासिल करते हुए दोनों आरोपियों को फल्टनिया कच्ची सड़क (कांडा रोड) से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- जीवन सिंह कुंवर (उम्र 42 वर्ष), पुत्र प्रताप सिंह, निवासी गोगीनापानी, पो. फल्याटी, जिला बागेश्वर।
- पुष्कर सिंह (उम्र 52 वर्ष), पुत्र शेर सिंह, निवासी गोगीनापानी, पो. फल्याटी, जिला बागेश्वर।





