
- किमोली में महेश सिंह नगरकोटी के मकान में किराए पर रह रहा था आरोपी मन बहादुर कठायत
- आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज; निरीक्षक केके सती के नेतृत्व में आबकारी टीम ने दिया कार्रवाई को अंजाम
कांडा (बागेश्वर)। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने ग्राम किमोली में छापेमारी कर एक किराएदार को भारी मात्रा में अवैध कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है, जबकि मौके पर तैयार किया जा रहा 70 लीटर लहन नष्ट कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, किमोली निवासी महेश सिंह नगरकोटी के मकान में किराए पर रह रहे मन बहादुर कठायत को आबकारी टीम ने 20 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ धर दबोचा। आबकारी टीम ने मौके से अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 70 लीटर लहन भी बरामद किया, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
आरोपी मन बहादुर कठायत के खिलाफ आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
कार्रवाई करने वाली आबकारी टीम में आबकारी निरीक्षक केके सती, उपनिरीक्षक आरपी चौसली, रेखा टम्टा, खष्टी कोरंगा और अमित शामिल रहे। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है।




