
गाइड के साथ गया था पर्यटक, द्वाली के समीप लापता होने की पुलिस को दी तहरीर; परिजनों ने विधायक से मिलकर अन्य एंगल से भी जांच की उठाई मांग
कपकोट/बागेश्वर। उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक रूट से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आ रही है. यहां लापता हुए पर्यटक अभिषेक चौहान का दसवें दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है. रेस्क्यू टीमों की लगातार खोजबीन के बावजूद सफलता हाथ न लगने से अब लापता पर्यटक के परिजनों की चिंता और मायूसी लगातार बढ़ती जा रही है. दिन बीतने के साथ गहरे सदमे में डूबे परिवार ने अब बेटे की सुरक्षित खोजबीन के लिए एक बड़ा कदम उठाया है.
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारी और लापता पर्यटक के पिता रघुराज चौहान द्वारा कपकोट पुलिस को दी गई लिखित तहरीर के अनुसार, उनका बेटा अभिषेक चौहान क्षेत्र के ही एक स्थानीय गाइड के साथ पिंडारी ग्लेशियर ट्रेक पर निकला था. बीते 29 मई को गाइड ने वापस लौटकर परिजनों और प्रशासन को अत्यंत विचलित करने वाली सूचना दी कि अभिषेक द्वाली से नीचे आते समय रास्ते में कहीं अचानक लापता हो गया है.
पिंडर नदी और दुर्गम खाइयों में सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया. एसडीआरएफ (SDRF), एनडीआरएफ (NDRF), वन विभाग और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने तत्काल मोर्चा संभाला. रेस्क्यू टीमों द्वारा द्वाली से लेकर बदियाकोट तक पिंडर नदी के तटों, गहरी खाइयों और दुर्गम पहाड़ियों के चप्पे-चप्पे में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया है, लेकिन दस दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक अभिषेक का कोई सुराग या सुबूत हाथ नहीं लग सका है.
विधायक से मिले परिजन, 10 लाख इनाम की घोषणा
अभिषेक के पिता रघुराज चौहान ने बताया कि उन्होंने मंगलवार को कपकोट के क्षेत्रीय विधायक सुरेश गाढ़िया से भी मुलाकात की और बेटे की सुरक्षित खोजबीन के लिए गुहार लगाई. उन्होंने पुलिस प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि जंगलों और खाईयों में सामान्य रेस्क्यू अभियान चलाने के अलावा अब इस पूरे मामले की अन्य संभावित व आपराधिक एंगल से भी गहन जांच की जाय, ताकि लापता होने की असली वजह सामने आ सके.
इसके साथ ही उन्होंने आम जनता से भावुक अपील करते हुए घोषणा की है कि जो भी व्यक्ति उनके लापता पुत्र को सुरक्षित खोजेगा या उसके संबंध में सटीक जानकारी देगा, उसे 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी. उधर, विधायक सुरेश गाढ़िया ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाते हुए शासन-प्रशासन स्तर से खोजबीन के लिए हरसंभव संसाधन झोंकने और सर्च ऑपरेशन को और अधिक तेज करने का पूरा भरोसा दिया है.





