करुली के विद्यार्थियों की सुलेख के कायल हैं सीएम, शिक्षा मंत्री, महानिदेशक भी कर चुके हैं तारीफ

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। राजकीय जूनियर हाईस्कूल करुली के विद्यार्थियों की मेहनत और लगन ने विद्यालय और जिले का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। सुलेखन से चर्चा में आए छात्र-छात्राओं की नई उपलब्धियां विद्यालय को लगातार बुलंदियों तक पहुंचाने का काम कर रही हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों के लिखावट के मुख्यमंत्री, ‌शिक्षा मंत्री से लेकर महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा तक कायल हैं और बाल वाटिका के लिए अपने संदेश भी करुली के विद्यार्थियों से लिखवा चुके हैं। अब तक विद्यालय के 10 विद्यार्थी विभिन्न लोगों और संस्थाओं के लिए सुलेखन कर चुके हैं।

राजूहा करुली की छात्र संख्या 33 है। विद्यालय का हर विद्यार्थी सुलेख में महारत रखता है। विद्यार्थियों को इतना हुनरमंद बनाने का श्रेय विद्यालय के प्रधानाध्यापक नरेंद्र गिरी गोस्वामी को जाता है। अपने विद्यार्थी जीवन से ही गोस्वामी सुलेखन को लेकर बेहद सजग थे। विद्यालय के ‌छात्र-छात्राओं को भी उन्होंने सुलेखन का कड़ा अभ्यास करवाना शुरु किया। धीरे-धीरे उन्होंने स्कूल के सभी छात्र-छात्राओं को सुुलेखन में इतना पारंगत कर दिया कि अब बच्चों की लेख में अंतर करना मुश्किल हो जाता है। पहली बार विद्यार्थियों की यह मेहनत तब चर्चा में आई थी, जब महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा ने अपने सोशल मीडिया पर करुली के बच्चों के सुलेखन की सराहना की थी। वर्तमान में पूरे प्रदेश में करुली और यहां के छात्र-छात्राओं की चर्चा है और शिक्षक गोस्वामी की इस पहल की जमकर सराहना हो रही है।

यह भी पढ़ें 👉  संवेदनशील मार्गों पर जेसीबी मशीन और ऑपरेटर तैनात करने के निर्देश

इन‌ विद्यार्थियों के संदेश और लिखावट की है चर्चा

बागेश्वर। विद्यालय की कक्षा आठ की छात्रा दीक्षा जोशी ने बाल वाटिका के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश तो इसी कक्षा के देवेश जोशी ने बाल वाटिका के लिए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का संदेश लिखकर वाहवाली लूटी। कक्षा आठ की खुशी खेतवाल, भूमिका स्यूनरी, विजय रौतेला और कक्षा सात की खुशी खेतवाल, प्रियांशी खेतवाल, आयुष कुमार ने अलग-अलग पत्रिकाओं के लिए महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा के संदेश लिखे हैं। कक्षा आठ के छात्र गौरव खेतवाल और दीपक सिंह ने ‌डायट बागेश्वर के लिए चार्ट लेखन का कार्य कर अपनी प्रतिभा क‌ा लोहा मनवाया है।

यह भी पढ़ें 👉  अपडेट: सड़क हादसे के मृतकों की हुई शिनाख्त, दुग नाकुरी के ही हैं सभी मृतक

शिक्षक गोस्वामी हो चुके हैं सम्मानित

बागेश्वर। राजूहा करुली को सुलेख के दम पर प्रदेश में विशिष्ट स्थान दिलाने वाले शिक्षक प्रधानाध्यापक गोस्वामी को शिक्षक दिवस पर देहरादून में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सम्मानित कर चुके हैं। इससे पूर्व भी उनके कार्य की कई मंचो पर सराहना हुई है।