
- मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिलाधिकारी अनुराधा पाल ने जारी किए आदेश
- शासकीय, अशासकीय, निजी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में रहेगा अवकाश
बागेश्वर। मौसम विभाग द्वारा बागेश्वर जिले में भारी से बहुत भारी वर्षा और गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने की चेतावनी जारी किए जाने के बाद जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी / अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बागेश्वर अनुराधा पाल ने 28 जुलाई (मंगलवार) को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है।
मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 27 जुलाई को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 28 जुलाई 2026 को जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यंत तीव्र वर्षा का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
मौसम की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी ने कक्षा 01 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय व निजी (प्राइवेट) विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों को मंगलवार के दिन बंद रखने के सख्त निर्देश दिए हैं। मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी बागेश्वर को आदेशों का कड़ाई से अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।




