भारी बारिश के ऑरेंज अलर्ट पर 27 जुलाई को बागेश्वर के स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में छुट्टी, बोर्ड अंक सुधार परीक्षा यथावत रहेगी

ख़बर शेयर करें -
  • कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय और निजी विद्यालय रहेंगे बंद
  • राइका बागेश्वर, गरुड़ और कपकोट परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित समय पर ही होगी परीक्षा: सीईओ

बागेश्वर। मौसम विज्ञान विभाग द्वारा 27 जुलाई (सोमवार) को बागेश्वर जिले में भारी से अति भारी वर्षा, गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना को देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अपूर्वा पाण्डे ने 27 जुलाई को जनपद के समस्त शासकीय, अर्द्धशासकीय, निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी ने आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं और विचलन की दशा में संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही है।

परीक्षा फल सुधार परीक्षा पर नहीं पड़ेगा असर

मुख्य शिक्षा अधिकारी विनय कुमार आर्य ने स्पष्ट किया है कि 27 जुलाई को स्कूलों में अवकाश घोषित होने के बावजूद उत्तराखंड बोर्ड द्वारा संचालित परीक्षाफल सुधार परीक्षा अपने निर्धारित कार्यक्रमानुसार ही संपन्न होगी। जिले के तीनों निर्धारित परीक्षा केंद्रों—राजकीय इंटर कॉलेज बागेश्वर, राजकीय इंटर कॉलेज गरुड़ और राजकीय इंटर कॉलेज कपकोट पर परीक्षा यथावत आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को समय पर अपने केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।