कपकोट में नेशनल पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता का आगाज, 92 जांबाज दिखाएंगे दम

ख़बर शेयर करें -

जनपद में साहसिक पर्यटन के नए युग की शुरुआत करते हुए गुरुवार को कपकोट के केदारेश्वर मैदान में पांच दिवसीय ‘राष्ट्रीय एक्युरेसी पैराग्लाइडिंग प्रतियोगिता’ का भव्य शुभारंभ हुआ। क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया और जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर आयोजन का आगाज किया। प्रतियोगिता के पहले ही दिन देश के विभिन्न कोनों से आए पायलटों ने जालेख की पहाड़ियों से उड़ान भरते हुए केदारेश्वर मैदान में सटीक लैंडिंग कर दर्शकों को दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर कर दिया।

देशभर से आए 92 प्रतिभागी, पहले दिन 30 ने भरी उड़ान

इस राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से 92 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है। प्रतियोगिता के पहले दिन 30 जांबाज पायलटों ने नीले आसमान में अपने कौशल और साहस का प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने कहा कि इतने बड़े स्तर पर पैराग्लाइडर्स का बागेश्वर पहुंचना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप जनपद में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।

यह भी पढ़ें 👉  आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई: 20 लीटर कच्ची शराब के साथ किराएदार गिरफ्तार, 70 लीटर लहन नष्ट

विजेताओं पर होगी इनामों की बारिश

प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का आलम यह है कि प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पायलट को एक लाख रुपये के नकद पुरस्कार से नवाजा जाएगा। वहीं, द्वितीय स्थान के लिए 50 हजार और तृतीय स्थान के लिए 30 हजार रुपये की पुरस्कार राशि तय की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  अवैध शराब के खिलाफ आबकारी विभाग का शिकंजा, रीठाबगड़ में 100 लीटर लहन नष्ट

पर्यटन मानचित्र पर चमकेगा कपकोट

विधायक सुरेश गड़िया ने कहा कि उत्तराखंड विश्व पटल पर पर्यटन के लिए अपनी खास पहचान रखता है। कपकोट में इस तरह के आयोजन से क्षेत्र के ट्रैक रूटों और अन्य सुविधाओं का विकास होगा। दर्जा राज्य मंत्री शिव सिंह विष्ट ने भी क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति को पैराग्लाइडिंग के लिए अनुकूल बताते हुए इसे स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया।

ADVERTISEMENTS Ad