राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती: बागेश्वर में 3 से 9 नवंबर तक कार्यक्रमों की धूम

ख़बर शेयर करें -

डीएम आकांक्षा कोंडे ने दी जानकारी; हर दिन होगा विशेष विभागीय कार्यक्रम

बागेश्वर। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर जनपद बागेश्वर में 3 नवंबर से 9 नवंबर, 2025 तक विविध विभागीय कार्यक्रमों की एक भव्य श्रृंखला आयोजित की जाएगी। जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों का मुख्य लक्ष्य प्रदेश की विकास यात्रा और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है।

जिलाधिकारी कोंडे ने बताया कि रजत जयंती वर्ष के तहत हर दिन एक विशेष विभागीय कार्यक्रम होगा, जिसका समापन 9 नवंबर को मुख्य समारोह के साथ होगा।

सप्ताह भर चलेगा जश्न

डीएम ने कार्यक्रमों का विस्तृत ब्यौरा देते हुए बताया कि:

  • 3 नवंबर: कृषि विज्ञान केंद्र बागेश्वर में कीवी महोत्सव एवं कृषक सम्मेलन का आयोजन होगा। इसमें कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता और दुग्ध विभाग मिलकर कृषि संगोष्ठी, बीज वितरण और तकनीकी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
  • 4 नवंबर: पर्यटन, युवा कल्याण और खेल विभाग की ओर से हिमालयन टूरिज्म फेयर, फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इसका शुभारंभ अनाशक्ति आश्रम कौसानी से किया जाएगा।
  • 5 नवंबर: सेवायोजन विभाग द्वारा करियर काउंसलिंग मेला लगाया जाएगा।
  • 6 नवंबर: विकारखंड कपकोट में स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, समाज कल्याण और बाल विकास विभाग द्वारा सामूहिक स्वास्थ्य शिविर एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
  • 7 नवंबर: ट्राउट महोत्सव एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
  • 8 नवंबर: यूथ एवं स्पोर्ट्स फेस्ट के तहत शिक्षा, युवा कल्याण एवं खेल विभागों द्वारा स्कूली सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिता एवं पारिवारिक सहभागिता कार्यक्रम होंगे।
यह भी पढ़ें 👉  मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों के बीच मनाई दीपावली, बोले, सरकार हर पीड़ित के साथ

9 नवंबर को मुख्य समारोह

राज्य स्थापना दिवस, 9 नवंबर, 2025 को मुख्य कार्यक्रम नुमाइश मैदान, बागेश्वर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया जाएगा, साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। कार्यक्रम के विशेष आकर्षणों में राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह, लखपति दीदी कार्यक्रम तथा वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष आयोजन शामिल हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नाम बदलकर अल्मोड़ा में छिपा 90 दिन की पैरोल पर छूटा वारंटी गिरफ्तार, पुलिस ने तकनीकी मदद से दबोचा

मुख्य विकास अधिकारी आर.सी. तिवारी ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि रजत जयंती वर्ष का संदेश और जानकारी हर गांव तक पहुंचे ताकि आमजन इन आयोजनों से वास्तव में लाभान्वित हो सकें। उन्होंने सभी विभागों को कार्यक्रमों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने और विकास की भावना को ग्राम स्तर तक ले जाने के निर्देश दिए हैं।

पूरे जनपद में यह आयोजन उल्लास और गौरव के साथ मनाया जाएगा।

Ad Ad Ad