
बागेश्वर। अगर आपके भीतर छिपी है रचनात्मकता तो इस दीपावली से पहले उसका सदुपयोग करें। रेडक्रॉस समिति के मिशन हरित दिवाली का हिस्सा बनें और आकर्षक दीये बनाकर पुरस्कार जीतें। दो वर्गों में होने वाली प्रतियोगिता में मिट्टी के दीये बनाकर 19 अक्तूबर तक रेडक्रॉस समिति को उपलब्ध कराने हैं। सबसे आकर्षक दीपक बनाने वाले तीन प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
समिति के जिला सचिव आलोक पांडेय ने बताया कि हर साल रेडक्रॉस की तरफ से लोगों को दीपावली पर पर्यावरण प्रदूषण का ध्यान रखने के लिए जागरूक किया जाता है। इस बार नई पहल के तहत हरित दीपावली प्रतियोगिता कराई जा रही है। दीया बनाओ प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी। पहले वर्ग में कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थी भागीदारी करेंगे। ओपन वर्ग की प्रतियोगिता में किसी भी उम्र के लोग भागीदारी कर सकेंगे। प्रतियोगिता के लिए सोशल मीडिया ग्रुपों के माध्यम से सूचित किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के तहत बनाए गए दीयों की रेडक्रॉस भवन में प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इन्हीं दीयों से रेडक्रॉस भवन को दीपावली पर्व पर जगमग किया जाएगा। उन्होंने अधिकाधिक छात्र-छात्राओं से प्रतियोगिता में भागीदारी करने और स्वयं मिट्टी के दीपक बनाकर हरित दीपावली का हिस्सा बनने की अपील की है।