
प्रदेश के कैबिनेट एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में आयोजित जिला योजना की बैठक में वर्ष 2025-26 के लिए जिला नियोजन समिति ने विभागवार कुल 59 करोड़ 62 लाख रुपए का परिव्यय अनुमोदित किया। इस बैठक में जिलाधिकारी समेत समिति के सदस्य व जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
जिला योजना की बैठक में जिला नियोजन समिति द्वारा विभिन्न विभागों के लिए परिव्यय को अंतिम रूप दिया गया। लोक निर्माण विभाग के लिए 1364.65 लाख रुपए का अनुमोदन किया गया। इसके अतिरिक्त, जल संस्थान के लिए 4 करोड़ रुपए और पेयजल निगम के परिव्यय को 95 लाख रुपए अनुमोदित किया गया।
शिक्षा क्षेत्र में प्राथमिक शिक्षा के लिए 2.45 लाख रुपए और माध्यमिक शिक्षा के लिए 3.20 लाख रुपए का परिव्यय तय हुआ। सिंचाई विभाग के तहत राजकीय सिंचाई के लिए 4.80 लाख रुपए और लघु सिंचाई के लिए 40 लाख रुपए का अनुमोदन मिला। पशुपालन विभाग के लिए 318.90 लाख रुपए, उद्यान के लिए 2 करोड़ 50 लाख रुपए, दुग्ध विकास के लिए 75 लाख रुपए और मत्स्य पालन के लिए 2 करोड़ 20 लाख रुपए का परिव्यय अनुमोदित किया गया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में एलोपैथिक चिकित्सा के लिए 1 करोड़ 50 लाख रुपए का परिव्यय तय हुआ। खेलकूद के लिए 1 करोड़ रुपए, पीआरडी के लिए 4 करोड़ रुपए, उरेडा के लिए 75 लाख रुपए, सहकारिता के लिए 30 लाख रुपए, पर्यटन के लिए 1.70 लाख रुपए, कृषि विभाग के लिए 2.30 लाख रुपए और वन विभाग के लिए 50 लाख रुपए सहित करीब 34 विभागों का परिव्यय नियोजन समिति ने अनुमोदित किया। पशुपालन, दुग्ध विकास, मत्स्य पालन, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, प्रोटोकॉल विकास, सेवायोजन एवं जिला प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि कि नियोजन समिति द्वारा जिले के विकास के लिए इस वर्ष 59 करोड़ 62 लाख रुपए का परिव्यय अनुमोदित किया गया है, जिससे जिले के विकास कार्यों में निश्चित रूप से तेजी आएगी।
कैबिनेट मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि क्षेत्र के विकास के लिए सभी विभागों और अधिकारियों को विकास की भावना से मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है और अधिकारियों को इस दिशा में गंभीरता से टीम भावना के साथ कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी को साथ लेकर चलने की भावना पर बल दिया। मंत्री बहुगुणा ने जनपद को मॉडल जनपद बनाने की दिशा में कार्य करने का आह्वान किया, विशेष रूप से रोजगारपरक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करके, ताकि अन्य जनपद भी इसका अनुसरण कर सकें। उन्होंने कृषि, उद्यान, मत्स्य, पशुपालन सहित अन्य विभागों को क्लस्टर आधारित फार्मिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि पलायन को रोका जा सके और लोगों को योजनाओं का भरपूर लाभ मिल सके। उन्होंने स्वरोजगारपरक योजनाओं पर विशेष बल दिया। कैबिनेट मंत्री ने बीस सूत्रीय कार्यक्रम और आकांक्षी विकासखंडों में जनपद के प्रदेश में प्रथम स्थान पर आने पर जिला प्रशासन और पूरी टीम की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी। जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा दिए गए निर्देशों का अनुपालन समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक में विधायक सुरेश गढ़िया, पार्वती दास, प्रशासक पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, प्रशासक विकासखंड गोविंद सिंह दानू, पुष्पा देवी, हेमा बिष्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा प्रभा गढ़िया, पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष कपकोट गीता ऐठानी, समिति के सदस्यों सहित पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोडके, सीडीओ आरसी तिवारी, डीएफओ ध्रुव सिंह मर्तोलिया, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी दिनेश रावत व अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।