मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों के बीच मनाई दीपावली, बोले, सरकार हर पीड़ित के साथ

ख़बर शेयर करें -

दीपों का पर्व दीपावली इस बार मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावित परिवारों के बीच मनाया। सोमवार को मुख्यमंत्री सहस्त्रधारा स्थित मझाड़ा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने काली गाड़, मझाड़ा और सहस्त्रधारा क्षेत्र के आपदा प्रभावितों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने प्रभावितों की समस्याएं सुनीं और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने मौके पर चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा प्रभावितों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। आपदा से प्रभावित हर व्यक्ति की पीड़ा, सरकार की पीड़ा है।
संवेदनशीलता का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री धामी ने अपनी दीपावली आपदा प्रभावित परिवारों के बीच बिताई। उन्होंने स्वयं घर-घर जाकर लोगों का हालचाल जाना। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामवासी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर अधिकारियों को रिवर ट्रेनिंग कराने के निर्देश दिए। साथ ही, गांव की सुरक्षा के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य को तेजी से पूरा करने के आदेश दिए। कहा कि किसी भी परिस्थिति में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जिन परिवारों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए वैकल्पिक आवास की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। जो परिवार किराए पर रह रहे हैं, उनके किराए का भुगतान भी निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री के आगमन से गांव में खुशी का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने कहा कि उनके बीच आकर दीपावली मनाना मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता को दर्शाता है। कठिन समय में उनका यह कदम लोगों के लिए बड़ा हौसला है।
इस मौके पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।