पुलिस कर्मियों पर युवक ने किया जानलेवा हमला, आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ केस

ख़बर शेयर करें -

बागेश्वर। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए चैकिंग कर रहे पुलिसकर्मी पर एक बाइक सवार युवक ने हमला कर दिया। घटना में यातायात उप निरीक्षक और आरक्षी चोटिल हुए हैं। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने जानलेवा हमले का प्रयास करने समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर दिया है। गुरुवार को यातायात उप निरीक्षक चंदन भंडारी पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार बाइक को रोकने का प्रयास किया तो वह तेजी से आगे निकल गया। पुलिस ने उसका पीछा किया और बस स्टेशन के समीप उसे पकड़ लिया। इसी दौरान उसने पुलिस वालों के साथ मारपीट करने लगा। युवक ने यातायात उप निरीक्षक को जख्मी कर दिया जबकि एक आरक्षी के कपड़े फाड़ डालें। तत्काल दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। यातायात उप निरीक्षक को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है। एसपी चंद्रशेखर आर घोड़के ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा,मारपीट और गाली गलौज आदि धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।